लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान युवाओं में जोश भरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सबमें बजरंग बली की ताकत है। यह उम्र कुछ कर गुजरने की है। आपके शब्दकोश में असंभव जैसा कोई शब्द नहीं होना चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। युवा का मतलब ही शक्ति है। आप सभी 15 से 35 वर्ष की उम्र के बीच हैं। इस उम्र में ऊर्जा, संकल्प और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं होती। जरूरत है अपनी क्षमता को पहचानकर उसे सही दिशा में लगाने की।कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित करने का लक्ष्य रखा है। इससे पहले योजना के तहत पांच वर्षों में 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं।
बजट में 2374.60 करोड़ रुपये का प्रावधान
25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 2374.60 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। वर्ष 2021 में शुरू हुई इस योजना का नया चरण पूरा होने के बाद टैबलेट और स्मार्टफोन से लाभान्वित विद्यार्थियों की संख्या करीब 85 लाख हो जाएगी। योजना में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। एमएसएमई, निर्यात प्रोत्साहन और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के पात्र विद्यार्थी भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
एआई और कोडिंग सीखने का मिलेगा मौका
टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑनलाइन पाठ्यक्रम और वर्चुअल लैब जैसी सुविधाओं तक पहुंच मिलेगी। इसके जरिए छात्र एआई, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे। ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और ऑनलाइन पढ़ाई में सहूलियत मिलेगी।
युवा साथी पोर्टल से रोजगार की जानकारी
युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए युवा साथी पोर्टल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस पर छात्रवृत्ति, कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप, प्रतियोगी परीक्षाओं और कॅरिअर काउंसिलिंग से जुड़ी जानकारी उपलब्ध है। विद्यार्थी पोर्टल के माध्यम से योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया भी जान सकेंगे।
