
लखनऊ।
राजधानी लखनऊ के विश्वविद्यालय में जनपद बहराइच के जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र को “अमृतलाल नागर”पुरस्कार से सम्मानित किया गया। श्री दिनेश चंद्र को यह पुरस्कार लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने दिव्य प्रेम सेवा संस्थान के अध्यक्ष आशीष गौतम की उपस्थिति में प्रदान किया।डीएम बहराइच डॉ. दिनेश चन्द्र की कालजयी रचना ‘‘काल प्रेरणा’’ को वर्ष 2022-23 हेतु ‘‘अमृतलाल नागर पुरस्कार’’ के लिए चयनित किया गया है।”अमृतलाल नागर” पुरस्कार के लिए डीएम डॉ. चन्द्र को प्रमाण-पत्र, अंगवस्त्र तथा एक लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया गया।
इस लेखन साधना की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई है और उनकी पहली रचना 2015 में प्रकाशित हो चुकी है। अभी तक वो 4 पुस्तक लिख चुके हैं, जबकि पांचवीं पुस्तक इसी वर्ष शीघ्र ही प्रकाशित होने वाली है, जो छपाई के क्रम में है। बता दें कि साहित्य सृजन का यह कार्य वर्ष 2014-15 में नेपाल में आये भूकंप के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोरखपुर में किये गए कार्यों की अनुभूति के फलस्वरूप “आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अभिनव प्रयास” नामक अपनी पहली पुस्तक प्रकाशित की थी।
डीएम की लिखित पुस्तक “काल प्रेरणा” “राजनैतिक दुनिया डॉट कॉम” के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार व स्तम्भकार कमलेश पांडेय द्वारा संपादित की गई है। जबकि इस पुस्तक का विमोचन केरल भवन, नई दिल्ली में लब्धप्रतिष्ठित विद्वान और केरल के राज्यपाल डॉ. आरिफ मोहम्मद खान ने पिछले वर्ष 2022 में किया था।अपनी रचना के सम्मानित व पुरस्कृत होने पर लेखक डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने उपर्युक्त सभी लोगों के साथ-साथ इस पुस्तक विमोचन समारोह में उपस्थित हुए सभी गणमान्य आगन्तुकों का आभार प्रकट करते हुए उन्हें धन्यवाद भी ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि इसमें सभी का कुछ न कुछ योगदान रहा है, जिसके लिए मैं कृतज्ञ हूं। सबसे बड़ी कृतज्ञता उस जनता की है, जिससे जुड़ी बातों-जज्बातों के चलते मुझे ऐसी रचना करने की प्रेरणा मिली, जो काल प्रेरणा बन गई और अब कर्म निर्णय बन रही है।

