कानपुर ।
पनकी थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया हाईवे पर देर रात भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे खड़े लोडर और मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया हाईवे पर बने पुल पर देर रात लोडर से फैक्ट्री का माल जा रहा था। अचानक लोडर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिस कारण फैक्ट्री मालिक ने कर्मचारी गौरव दीक्षित को फोन किया। उसे मौके पर गाड़ी मिस्त्री लेकर जाने को कहा। इसके बाद गौरव बाइक से मिस्त्री लेकर रात को 1 बजे पुल पर पहुंचा। मिस्त्री गाड़ी बना रहा था। दूसरी तरफ कर्मचारी और एक युवक खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे गौरव समेत दो युवकों की मौत हो गई।
वहीं हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। वहीं बुधवार दोपहर गौरव के परिजनों ने पनकी इंडस्ट्रियल एरिया चौकी का घेराव कर दिया। महिलाएं सड़क पर बैठ गईं। परिजन मुआवजे की मांग करने लगे। परिजनों ने बताया कि गौरव घर का अकेला कमाने वाला था। दो साल पहले गौरव की शादी हुई थी। उसका 5 महीने का एक बच्चा है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
