सीतापुर ।
भागवत कथा सुनने गए एक युवक का जंगल में शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के शरीर पर गोली के निशान मिलने से गोली मारकर हत्या की आशंका जताई गयी है।पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे छिपे कारणों का अभी तक कोई नहीं पता चल सका है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुटी हुई है।
घटना कमलापुर थाना इलाके के यहां बीती देर रात घर से भागवत कथा सुनने के लिए दूसरे गांव गए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सरवरपुर निवासी गोविंद पाल बीती देर रात भागवत कथा से वापस नहीं लौटा। तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जिसके बाद परिजनों को गांव के बाहर जंगल में उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर घटनास्थल से कारतूस का खोखा भी बरामद किया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिवारजनों का कहना है कि भागवत कथा में भी जानकारी की गई। तो गोविंद वहां भी नहीं पहुंचा था। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। लेकिन किसी पर शक और रंजिश की भी बात सामने नहीं आई है।वहीं पुलिस का कहना है कि स्वाट सर्विलांस टीम को जांच पड़ताल में लगाया गया है। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। इस हत्याकांड के पीछे वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी हैं।

