सद्भावना आवाज़
बहराइच
कैसरगंज रेंज के ग्राम भौंरी निवासी किसान को मगरमच्छ ने निवाला बना लिया। रविवार शाम को किसान का शव नदी से बरामद हुआ। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।बहराइच वन प्रभाग के कैसरगंज वन रेंज अंतर्गत ग्राम भौंरी निवासी रामतेज (42) पुत्र लल्ली शनिवार को खेत जाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक किसान घर नहीं पहुंचा। इस पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। खोजबीन करते हुए सुबह हो गई। लेकिन किसान का पता नहीं चला।
किसान की मौत
रविवार को शाम चार बजे के आसपास घाघरा नदी के कछार से बहने वाले भौंरी नदी में चरवाहों ने एक शव देखा। शव को मगरमच्छ खा रहे थे। चरवाहे लाठी मारकर मगरमच्छ को खदेड़ा। इसके बाद शव को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक शरीर के आधे हिस्से को मगरमच्छ खा चुके थे।घटना की जानकारी लोगों ने परिवार को दी। परिवार के लोग मौके पर रोते-बिलखते पहुंचे। बौंडी थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल कुमार यादव, वन दरोगा जुबेर खान समेत अन्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वन दरोगा ने बताया कि मगरमच्छ के हमले में किसान की मौत हुई है। इसकी जानकारी प्रभागीय वन अधिकारी को दी गई है।