सद्भावनाआवाज़
बलरामपुर
जनपद बलरामपुर के नावगत जिलाधिकारी सरकारी काम काज में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे।लगातार निरीक्षण कर सबको उचित समय पर कार्य करने के लिए निर्देशित कर रहे हैं।इसी क्रम में गुरुवार को प्रातः ही जिलाधिकारी महोदय ने जनपद के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर वहां का हाल जाना।जैसा की शासन की गाइडलाइन है की सभी अधिकारी कर्मचारी समय से अपने कार्यालय पहुंचे। उसी का पालन करते हुए जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने आज विभिन्नकार्यालयों,विद्यालयों,अस्पतालों आदि का औचक निरीक्षण किया और वहां उपस्थित आम जनमानस से मिलने वाले लाभ और योजनाओं के समस्याओं को जानकर उनको दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
भोजन चखकर गुणवत्ता जानी

सर्वप्रथा सुबह – सुबह जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्राथमिक विद्यालय रमईडीह के निरीक्षण के दौरान बच्चों से पाठ्यक्रम पर आधारित सवाल पूछकर शैक्षिक गुणवत्ता को जाना गया। तथा विद्यालय में नामांकित के सापेक्ष कम बच्चे उपस्थित पाए गए ।जिसपर प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय अभी खुला है बच्चे कम आ रहे हैं। जिलाधिकारी महोदय ने शिक्षकों को अभिभावकों से मिलकर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाए जाने का कड़ा निर्देश दिया गया।इस दौरान जिलाधिकारी महोदय ने स्वयं एमडीएम का भोजन चखकर गुणवत्ता जानी। उन्होंने मीनू के अनुसार एमडीएम एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखे जाने के कड़े निर्देश दिए।जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसई का औचक निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ फराज मन्नान अनुपस्थित मिले। अस्पताल में सभी बेड खाली मिले, कोई भी मरीज भर्ती नही पाया गया। जिलाधिकारी महोदय ने स्वास्थ्य केंद्र में साफ सफाई की समुचित व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता एवं मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान किए जाने का निर्देश दिया। पीएससी में बना कोविड वार्ड जोकि संचालित नहीं है उसका हैंड ओवर लेते हुए पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किए जाने का निर्देश दिया।
कार्यालय का औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी महोदय द्वारा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय रमईडीह के निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर अनुपस्थित मिले। उपस्थित मेडिकल स्टाफ ने बताया कि उनका अन्य चिकित्सालय में भी संबद्धता है। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि रोस्टरवार संबंद्ध चिकित्सकों की ड्यूटी बनाई जाए। चिकित्सालय में साफ सफाई की समुचित व्यवस्था का का निर्देश दिया।इसके उपरांत जिलाधिकारी महोदय द्वारा नगर में झारखंडी मंदिर के समीप अधिशासी अभियंता विद्युत के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। अधिशासी अभियंता विद्युत बालकृष्ण देर से कार्यालय पहुंचे, जिस पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई एवं समय से कार्यालय पहुंचने की हिदायत दी गई। उन्होंने अधिशासी अभियंता को कार्यप्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया, कहा कि आम जनमानस की बिजली की समस्या का सही प्रकार से समाधान नहीं हो रहा है।
विद्युत विभाग के अवर अभियंता व अन्य कर्मचारी विद्युत समस्या को लेकर आम जनमानस की कॉल जरूर रिसीव करें एवं समस्याओं का निस्तारण तत्काल करना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी महोदय द्वारा कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोके जाने का निर्देश संबंधित कार्यालयध्यक्षों को दिया गया।नवागत जनपद बलरामपुर जिलाधिकारी काफी मुस्तैदी से कार्य करते हुए देखे जा रहे हैं। सरकार का आदेश है की आम जनमानस को उसके लिए चलाई जाने वाली हर योजना का लाभ समय पर मिले ,तथा सभी विभाग के कर्मचारी /अधिकारी अपने कार्यालय में निश्चित समय पर पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण करे।इस हेतु जिलाधिकारी ने तमाम कार्यालयों का निरीक्षण किया ,अनुपस्थित कार्मिकों का वेतन रोकने का निर्देश दिया तथा सभी को समय पर अपने कार्यालय में आने का निर्देश भी जारी किया।



