ऊर्जा मंत्री को भेजा ज्ञापन,अघोषित बिजली कटौती का किया विरोध
सद्भावना आवाज़
बलरामपुर
प्रदेश सरकार के तमाम आदेशों और निर्देशों के बाद भी बिजली कटौती कम होने का नाम नहीं ले रही है। बलरामपुर जिले में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में समाजवादी पार्टी की तरफ से जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसका नेतृत्व पूर्व मंत्री और गैसड़ी के पूर्व विधायक डॉ. एसपी यादव ने किया।समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और बिजली कटौती के विरोध में नारेबाजी करते हुए बलरामपुर जिले में बिजली कटौती खत्म करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मांग करते हुए कहा की बलरामपुर जिले के विभिन्न नगरों और गांवों में जबरदस्त कटौती की जा रही है।
छेड़ा जाएगा जन आंदोलन
इससे भीषण गर्मी से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और नलकूपों से सिंचाई नही हो पा रही है।प्रदर्शनकारियों ने मांग करते हुए कहा की जिले में रोस्टर के अनुसार बिजली की आपूर्ति की जाए और पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए। प्रदर्शन कारियों ने चेतावनी देते हुए कहा की अगर तीन दिन के भीतर बिजली कटौती बंद नहीं की जाती है तो जिले में जन आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस अवसर पर आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन भी भेजा।प्रदर्शन करने वालों में पूर्व मंत्री एसपी यादव, पूर्व विधायक अनवर महमूद, जिला पंचायत सदस्य, रंगीलाल यादव, नंद कुमार पांडेय, आरके गुप्ता, महबूब आलम सफीउल्ला खां विकास मंत्री, महबूब आलम, इकबाल जावेद, कृष्ण कुमार गिहार, मोहम्मद अहद, हसीब खां, महेश कुमार, वसीम खां, प्रमोद यादव सहित अनेक लोग मौजूद थे।