सद्भावना आवाज़
बहराइच
बहराइच में भारत रत्न व पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस (शिक्षक दिवस) के अवसर पर कलेक्ट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में एमएलसी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी व विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने जिलाधिकारी मोनिका रानी, 15 शिक्षकों व रंगोली बनाने वाली शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।
एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार शिक्षा के विकास हेतु दृढ़ संकल्पित हैं। प्रदेश के शिक्षा के विकास के लिए अनेकों योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित कर कायाकल्प जैसी योजनाओं के माध्यम से विद्यालयों भवनों का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार नए आयाम सथापित कर रही है। विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति के विकास में गुरूजनों का अमूल्य योगदान है। शिक्षक समाज आज भी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निर्वहन कर रहे हैं।
गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने के लिए किया प्रेरित
डीएम मोनिका रानी ने कहा कि शिक्षक द्वारा बच्चों के चरित्र निर्माण के लिए किया गया प्रयास कभी भी व्यर्थ नहीं जाता। उन्होंने कहा कि अरबो-खरबों रुपए की लागत से निर्मित होने वाली परियोजनाएं एक न एक दिन नष्ट हो जाता है, परन्तु शिक्षक द्वारा दिए गए संस्कार पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों के लिए पथ प्रदर्शक बने रहते हैं। डीएम ने अपने शिक्षक जीवनकाल के अनुभवों को साझा करते हुए शिक्षकों को गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बीएसए अव्यक्तराम तिवारी व अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।


