मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी शनिवार को दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंच गए हैं। सीएम योगी यहां शहरवासियों को 22.62 करोड़ रुपए की परियोजना का लोकार्पण-शिलान्यास कर नए साल का पहले हफ्ते में ही तोहफा देंगे।विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मोहरीपुर के संक्षाई में 6.47 करोड़ की 24 परियोजनाओं और सूरजकुण्ड में 16.15 करोड़ रुपए की 30 परियोजनाओें का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। ये सभी परियोजनाएं नगर निगम और जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की हैं।मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार मीना के निर्देशन में शुक्रवार को नगर निगम और डूडा के अधिकारी कर्मचारी दोनों स्थानों पर कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे। सीएम योगी शनिवार की सुबह 11 बजे मोहरीपुर संझाई और अपराह्न 3 बजे सूरजकुण्ड में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री का संदेश होगा प्रसारित
इन दोनों ही स्थानों पर मुख्यमंत्री लाभार्थीपरक योजनाओं और लाभार्थियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद विकसित भारत संकल्प यात्रा वैन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का प्रसारण किया जाएगा। उसके बाद विकसित भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव और सांसद रवि किशन शुक्ला एवं विधायक विपिन सिंह का संबोधन होगा।इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद करेंगे। लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा, उसके बाद मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओें का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। आखिर में मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।
इन परियोजनाओं की मिलेगी सौगात
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया, सीएम योगी मोहरीपुर में सीएम नगर निगम की 1.33 करोड़ की 3 और डूडा की 2.29 करोड़ की 8 परियोजनाओं का लोकार्पण के साथ ही नगर निगम की 1.25 करोड़ की 3 और डूडा की 1.61 करोड़ की 10 परियोजनाओं शिलान्यास करेंगे।इस कड़ी में सूरजकुण्ड में निरंकारी भवन के 1.92 रुपये की लागत से बनने कन्वेंशन सेंटर समेत 4.03 करोड़ की 3 और डूडा की 4.33 करोड़ की 17 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा निगम की 7.79 करोड़ की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।