बलरामपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र में एसपी आवास के पास गुरुवार दोपहर सरयू नहर में 12वीं की छात्रा आंचल यादव (17) पैर फिसलने से बह गई। वह पुल पर खड़े होकर नहर में सांप देख रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर के तेज बहाव में गिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हाथीगर्दा, सिरसिया निवासी बबलू यादव उर्फ दिनेश यादव की बेटी आंचल आदर्श विद्यालय भगवतीगंज में कक्षा 12 में पढ़ती थी। प्रत्यक्षदर्शी राजेश्वर के अनुसार, आंचल अपनी मां और कक्षा नौ में पढ़ने वाली छोटी बहन के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। एसपी आवास के पास उसकी नजर नहर में सांप पर पड़ी। वह पुल पर रुककर सांप देखने लगी। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह नहर में जा गिरी।
तेज बहाव के कारण तलाश में परेशानी
हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF व फ्लड पीएसी की टीम को बुलाया गया। बचाव दल ने नहर में उतरकर छात्रा की तलाश शुरू की। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही छात्रा के परिजन मौके पर पहुंच गए। आंचल के परिवार में एक छोटा भाई और करीब 12 साल की छोटी बहन है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजन और ग्रामीण छात्रा के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस और बचाव दल लगातार नहर में तलाश अभियान चला रहे हैं।
