बलरामपुर । नगर कोतवाली क्षेत्र के बौद्ध परिपथ पर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस हादसे में गर्भवती महिला सहित दोनों पति-पत्नी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हंगामा हुआ।जानकारी के अनुसार, अचलापुर निवासी रोहित पुत्र पारसनाथ अपनी गर्भवती पत्नी के साथ अस्पताल जा रहे थे। तभी पंजाब नेशनल बैंक के सामने बस्ती डिपो की यूपी परिवहन निगम की बस (संख्या UP 78 KN 1683) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपति सड़क पर गिरकर घायल हो गए।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस को रुकवा लिया।
गर्भवती महिला घायल
उन्होंने बस चालक आकाश पुत्र अवधेश कुमार (निवासी भानपुर, बस्ती) को बस से नीचे उतारकर तेज रफ्तार और लापरवाही पर नाराजगी जताई।घायल दंपति को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई और उन्हें घर भेज दिया।सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां करीब आधे घंटे तक बातचीत चली।

बस चालक की लापरवाही पर भड़के लोग
बस चालक द्वारा इलाज का खर्च वहन करने की सहमति देने के बाद मामला शांत हुआ।इस घटना के बाद क्षेत्र में रोडवेज बसों की तेज रफ्तार को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बौद्ध परिपथ मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

