लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर बड़ा राजनीतिक दांव चला है। उन्होंने वादा किया है कि अगर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो अयोध्या को ‘सनातन तीर्थयात्रा की वैश्विक राजधानी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राम मंदिर के प्रबंधन में पारदर्शिता लाने, विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने और जमीन के सौदों में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने की बात कही है।
अखिलेश यादव ने 10 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अयोध्या के विकास को लेकर अपनी योजना सामने रखी। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार कमी आ रही है। उनके मुताबिक, राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर पैदा हुई परेशानियों का असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर मंदिर प्रबंधन की पारदर्शी व्यवस्था लागू कर लोगों का भरोसा बहाल किया जाएगा और अयोध्या की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार दी जाएगी।
महिला या बच्चे के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं
सपा प्रमुख ने गरीब महिलाओं और बच्चों के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अयोध्या में किसी गरीब महिला या बच्चे के साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने तेल इकट्ठा कर रहे लोगों को डंडे से पीटे जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन में तेल और घी भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगी, ताकि गरीब परिवारों की पोषण संबंधी जरूरतें पूरी हो सकें।
भगवान राम और निषादराज के संबंधों का उल्लेख
अखिलेश ने भगवान राम और निषादराज के संबंधों का उल्लेख करते हुए अयोध्या में पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा देने की बात भी कही। उनका कहना है कि इससे स्थानीय नाविकों और निषाद समाज के लोगों को रोजगार का लाभ मिलेगा। उन्होंने भाजपा पर इस सामाजिक रिश्ते को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों के साथ भगवान राम के संबंधों को उनकी पार्टी सम्मान देती है।
जमीन की खरीद-फरोख्त में अनियमितताओं की जांच
अखिलेश यादव ने अयोध्या में बाहरी ठेकेदारों के प्रभाव को खत्म करने और जमीन की खरीद-फरोख्त में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच कराने का भी ऐलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से जमीन के सौदों और सर्किल रेट में गड़बड़ी कर संपत्ति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या को लेकर अखिलेश यादव के इन वादों को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि उनके इन ऐलानों पर भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।

