बलरामपुर। नौनिहालों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने हाईटेक पहल शुरू की है। अब जिले में संचालित सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस की निगरानी ऑनलाइन की जाएगी। अनफिट पाए जाने वाले वाहनों का संचालन रोकते हुए संबंधित प्रबंधकों को नोटिस भी जारी किया जाएगा।इसके लिए इंटीग्रेटेड स्कूल वाहन मॉनीटरिंग (आईएसवीएम) पोर्टल लॉन्च किया गया है। इस पोर्टल पर जिले के सभी छोटे-बड़े स्कूली वाहनों की फिटनेस से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी, जिसकी निगरानी शासन स्तर से होगी।परिवहन विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान में 170 निजी स्कूलों के 371 छोटे-बड़े वाहन संचालित हैं। सभी पंजीकृत वाहनों का वार्षिक फिटनेस परीक्षण अनिवार्य है। पहले यह प्रक्रिया ऑफलाइन होती थी, लेकिन अब पूरी व्यवस्था डिजिटल कर दी गई है।
पोर्टल पर बनानी होगी आईडी
मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि सभी स्कूल वाहन संचालकों को पोर्टल पर अपनी आईडी बनानी होगी। इसके बाद वाहन संख्या, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, ड्राइवर का लाइसेंस, चरित्र प्रमाण पत्र और प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी विवरण अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके लिए 15 अप्रैल तक का समय दिया गया है।
16 अप्रैल से शुरू होगा निरीक्षण
उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से विभागीय टीम वाहनों का भौतिक निरीक्षण करेगी। ऑनलाइन दर्ज विवरण के आधार पर फिटनेस की जांच की जाएगी और किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मानकों में लापरवाही पर नहीं होगी ढिलाई
एआरटीओ ने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनफिट वाहनों को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।इस नई व्यवस्था से स्कूली वाहनों के संचालन में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

