बलरामपुर। जिले के आश्रम पद्धति विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। अब निजी स्कूलों की तर्ज पर इन सभी आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को अलग-अलग हाउस में विभाजित किया गया है। इसके साथ ही पूरे शैक्षणिक सत्र के लिए ईयर-लॉन्ग एकेडमिक कैलेंडर भी तैयार किया गया है, जिसके अनुसार पूरे वर्ष शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों का संचालन होगा।नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न हाउस में बांटकर उनमें अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे छात्रों के सर्वांगीण विकास के साथ पढ़ाई का माहौल भी बेहतर होगा।
सभी विद्यार्थियों को मिली नि:शुल्क हाउस टी-शर्ट
योजना को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने आश्रम पद्धति विद्यालयों के सभी छात्रों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की सभी छात्राओं को उनके हाउस के अनुसार नि:शुल्क टी-शर्ट वितरित की हैं। अलग-अलग रंग की टी-शर्ट से विद्यार्थियों की हाउस पहचान भी सुनिश्चित होगी।
शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी रहेगा फोकस
प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था के जरिए विद्यालयों में नियमित रूप से प्रतियोगिताएं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां आयोजित होंगी। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा, सीखने की रुचि विकसित होगी और सरकारी आवासीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर और अधिक बेहतर होने की उम्मीद है।

