बलरामपुर। अक्सर लोग रक्तदान को लेकर डर या झिझक महसूस करते हैं, लेकिन गुरुवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगा मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर इस सोच को बदलने वाला साबित हुआ। जिले के डीएम विपिन कुमार जैन ने खुद रक्तदान कर लोगों को न सिर्फ प्रेरित किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि रक्तदान कोई मुश्किल काम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में जैसे ही डीएम ने रक्तदान किया, वहां मौजूद युवाओं, कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों का उत्साह बढ़ गया। कई लोग पहली बार रक्तदान के लिए आगे आए। पूरे शिविर में लोगों के बीच रक्तदान को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।डीएम विपिन कुमार जैन ने कहा कि कई बार अस्पतालों में मरीज सिर्फ खून की कमी के कारण गंभीर स्थिति में पहुंच जाते हैं।

ब्लड बैंक में उमड़ी भीड़
अगर समाज के लोग समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करें तो ऐसी परेशानियों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है और इससे बड़ा कोई दान नहीं हो सकता।उन्होंने युवाओं से खास अपील करते हुए कहा कि समाज सेवा की शुरुआत रक्तदान जैसे छोटे लेकिन महत्वपूर्ण कदम से की जा सकती है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों से भी नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने को कहा।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में बड़े स्तर पर रक्तदान जागरूकता अभियान चलाया जाए।
अधिकारियों और युवाओं ने किया रक्तदान
साथ ही एसएसबी और पुलिस विभाग के सहयोग से विशेष रक्तदान शिविर आयोजित करने की बात कही, ताकि ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध रहे और जरूरतमंद मरीजों को समय पर मदद मिल सके।शिविर में प्रशिक्षु आईएएस शिवांश, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष श्रीवास्तव और ए.के. शुक्ला ने भी रक्तदान किया। डॉक्टरों ने लोगों को बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे शरीर में नए ब्लड सेल्स बनने के साथ स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ता है।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम, ब्लड बैंक के चिकित्सक, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

