बलरामपुर। थाना महराजगंज तराई में तैनात उपनिरीक्षक बदरुद्दीन खां को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किए जाने पर शुक्रवार को पुलिस विभाग में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह ने उन्हें रैंक प्रतीक (स्टार) लगाकर पदोन्नति की बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने कहा कि पदोन्नति किसी भी कर्मचारी की मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान होती है। यह केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और विश्वास में भी बढ़ोतरी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को समय-समय पर सम्मान और प्रोत्साहन मिलना विभाग की सकारात्मक कार्यसंस्कृति को मजबूत करता है।

एएसपी बोले— मेहनत कभी बेकार नहीं जाती
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि जनता को त्वरित न्याय दिलाना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने निरीक्षक बने बदरुद्दीन खां को पदोन्नति की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

