बाराबंकी/बलरामपुर। बाराबंकी में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने बलरामपुर के एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा चौराहे के पास बांदा-बहराइच रोड पर मौरंग लदे तेज रफ्तार डंपर ने ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बलरामपुर निवासी परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में पति-पत्नी, उनकी बड़ी बेटी और बेटा शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया।

बलरामपुर के मूल निवासी थे मोहम्मद शरीफ
हादसे में जान गंवाने वाले मोहम्मद शरीफ (50) मूलरूप से बलरामपुर के रहने वाले थे। वह श्रावस्ती के भिनगा में मदरसे में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। नौकरी के कारण उन्होंने भिनगा में ही परिवार के रहने के लिए घर बना लिया था। परिवार में पत्नी तबस्सुम (45), चार बेटे और दो बेटियां थीं। हादसे में शरीफ, उनकी पत्नी तबस्सुम, बड़ी बेटी रुसदा (27) और बेटे उजैम (22) की मौत हो गई।परिजनों के मुताबिक, परिवार की बड़ी बेटी रुसदा कुछ दिन पहले ही घर आई थी। मंगलवार को मोहम्मद शरीफ अपनी पत्नी तबस्सुम के साथ रुसदा को लखनऊ छोड़ने के लिए निकले थे। लखनऊ में उनका रूटीन चेकअप भी होना था। बेटा उजैम और सात वर्षीय बेटी हुदा भी साथ चलने की जिद करने लगे। इसके बाद परिवार के पांचों सदस्य ऑल्टो कार से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे।

रास्ता पूछने के दौरान मौत बनकर आया डंपर
बताया जा रहा है कि परिवार जब बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र स्थित बिंदौरा चौराहे के पास पहुंचा तो रास्ता समझने के लिए कार सड़क किनारे रोकी गई। इसके बाद लखनऊ जाने के लिए कार को यू-टर्न कराया जा रहा था। इसी दौरान लखनऊ की ओर से रामनगर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने ऑल्टो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटी कार का एक हिस्सा करीब एक फुट तक पिचक गया। कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे सभी लोग अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
दरवाजे तोड़कर निकाले गए शव
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और आसपास के लोगों ने राहत-बचाव शुरू किया, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना आसान नहीं था। काफी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे तोड़कर सभी पांच लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से बड़ागांव सीएचसी पहुंचाया गया।अस्पताल में डॉक्टरों ने मोहम्मद शरीफ, तबस्सुम, रुसदा और उजैम को मृत घोषित कर दिया। वहीं सात वर्षीय हुदा की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सात साल की मासूम गंभीर घायल
हादसे में परिवार की सबसे छोटी बेटी हुदा गंभीर रूप से घायल हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने जिला अस्पताल पहुंचकर बच्ची का हाल जाना। उन्होंने बताया कि बच्ची का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एक तरफ अस्पताल में मासूम जिंदगी के लिए जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डंपर चालक हादसे के बाद फरार
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में दबिश देने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान
बाराबंकी में हुए इस दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन की ओर से घायल बच्ची के इलाज की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं।

