बलरामपुर। पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी की सफलता के बाद बलरामपुर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। शहर स्थित अटल भवन भाजपा कार्यालय पर सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई, जो देर शाम तक उत्सव में डूबी रही।जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी गई। कार्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘भाजपा जिंदाबाद’ के नारों से गूंजता रहा। माहौल पूरी तरह उत्साह और उमंग से भरा नजर आया।
- इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व की नीतियों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति पर अपनी मुहर लगाई है।
- पूर्व राज्यमंत्री एवं सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता अब स्थिर और मजबूत नेतृत्व चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत भविष्य में बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत है।
- विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने कहा कि पार्टी ने हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य किया है, जिसका परिणाम चुनावी नतीजों में साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना है।

- नगर चेयरमैन डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने भी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचा है, जिससे लोगों का विश्वास पार्टी के प्रति और मजबूत हुआ है।
कार्यकर्ताओं की भारी भीड़
जश्न के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, ब्लाक प्रमुख राकेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह, बृजेन्द्र तिवारी, वरुण सिंह मोनू, संजय शुक्ला, वंदना पासवान, जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, बिंदु विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस, जिला मंत्री ललिता तिवारी, अवधेश त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह, संजय शर्मा, अमरनाथ शुक्ला, संदीप उपाध्याय, साधना पांडे, नंदनी शुक्ला, आलोक रंजन, सौरभ पाण्डेय, अक्षय शुक्ला, सौरभ तुलस्यान, अभिषेक सिंह, आनंद श्रीवास्तव, शुभेन्द्र गौरव, शिवम् मिश्रा सहित तमाम कार्यकर्ता शामिल रहे।

