बलरामपुर। नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को भीषण गर्मी ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल दी। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसर गया। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।गर्मी का असर शहर के मुख्य बाजारों में साफ दिखाई दिया। सामान्य दिनों में जहां दोपहर तक बाजारों में चहल-पहल रहती है, वहीं मंगलवार को कई दुकानें सूनी नजर आईं। तेज धूप और लू के कारण लोग घरों में ही रहना बेहतर समझते रहे। सड़क पर निकलने वाले ज्यादातर लोग सिर और चेहरा गमछे से ढंककर चलते दिखाई दिए।बाइक सवारों ने भी पूरी तरह खुद को कपड़ों से ढंक रखा था। गर्म हवाओं के थपेड़ों से बचने के लिए लोग बार-बार छांव और पानी की तलाश करते नजर आए।
लस्सी-कोल्ड्रिंक की दुकानों पर रही भीड़
भीषण गर्मी के बीच लोगों ने राहत पाने के लिए ठंडी चीजों का सहारा लिया। शहर में लस्सी, कोल्ड्रिंक, शिकंजी और गन्ने के रस की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। दुकानदारों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों की तुलना में ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है।बच्चों और युवाओं में आइसक्रीम और कुल्फी की मांग भी बढ़ गई। मोहल्लों और गलियों में “बम्बई कुल्फी” के ठेले घूमते नजर आए, जहां लोग रुककर कुल्फी का आनंद लेते दिखाई दिए। तेज गर्मी के बीच कुल्फी और ठंडे पेय लोगों को कुछ देर राहत देते नजर आए।
ग्रामीण इलाकों में पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था
गर्मी का असर केवल लोगों पर ही नहीं बल्कि पशुओं पर भी देखने को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों और पानी के स्रोत तेजी से सूखने लगे हैं। ऐसे में कई गांवों में लोग सौर ऊर्जा और पंपिंग सेट की मदद से तालाब भरने में जुटे हैं, ताकि पशुओं को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।पंचायत स्तर पर भी पशुओं के लिए पानी और छांव की व्यवस्था की जा रही है। कई स्थानों पर टंकियों और बर्तनों में पानी भरकर रखा जा रहा है।

स्वास्थ्य केंद्रों पर किए गए विशेष इंतजाम
लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगाए गए हैं, ताकि राहगीरों को पीने का पानी मिल सके। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, अधिक से अधिक पानी पिएं और हल्के सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें। बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है।
2 जून तक रहेगा नौतपा का असर
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहेगा। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है और लू का असर अधिक महसूस होता है। आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम बताई जा रही।

