बलरामपुर। समाजवादी पार्टी की ओर से मंगलवार को जिला कार्यालय लोहिया भवन में पीडीए सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता, अनुशासन और पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और मजबूत संगठन के दम पर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनाने के लिए अभी से पूरी ताकत लगानी होगी।

PDA सम्मेलन में जुटे कार्यकर्ता
उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।श्याम लाल पाल ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पार्टी का संदेश जनता तक पहुंचाने तथा संगठन को लगातार सक्रिय रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती आगामी चुनाव में अहम भूमिका निभाएगी।

2027 के लिए सपा ने कसी कमर
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मणि लाल कश्यप, श्रावस्ती सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा और गैसड़ी विधायक राकेश यादव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तत्परता से जुटने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।सम्मेलन में पूर्व विधायक जगराम पासवान, प्रदेश सचिव व्यापार सभा प्रखर कलहंस, पूर्व विधायक अब्दुल मसूद खान, पूर्व विधायक अनवर हाशमी, विष्णु प्रताप चौहान समेत पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

