बलरामपुर। भाजपा नगर मंडल और नगर पालिका परिषद के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बलरामपुर रेलवे स्टेशन मोड़ से शुरू हुई यात्रा भगवतीगंज चौराहे तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और नगरवासी शामिल हुए। पूरे रास्ते ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष गूंजते रहे। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, सदर विधायक पल्टूराम और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने किया। कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने तिरंगा लहराते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
रास्ते में लोगों ने बरसाए फूल
तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह नजर आया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। युवा और कार्यकर्ता देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। इससे पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान
वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का काम कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने की अपील की। यात्रा में अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, महंत गेल्हापुर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, आद्या सिंह पिंकी, संजय शुक्ल, डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, बिंदू विश्वकर्मा, डीपी सिंह बैस, ललिता तिवारी, मंजू तिवारी, झूमा सिंह, सरिता शुक्ल, आनंद राज श्रीवास्तव, संजय शर्मा, रमेश पाहवा, डॉ. राकेश चंद्र, गौरव मिश्र समेत भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर पालिका कर्मी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

