मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गो पूजन किया। सीएम योगी के जन्मभूमि परिसर पहुंचते ही पूरा वातावरण ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा। जन्माष्टमी के चलते श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं।
दो दिवसीय दौरे में 229 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ब्रज क्षेत्र को करीब 1051 करोड़ रुपए की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।इनमें 540 करोड़ रुपए से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि करीब 437 करोड़ रुपए की 167 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। इन विकास कार्यों से ब्रज क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आवास योजना के लाभार्थियों को 72 करोड़ से ज्यादा की मदद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को 72 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि वितरित की। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, चेक और प्रमाण पत्र भी सौंपे।
वृंदावन में स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण
मथुरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। अत्याधुनिक सुविधाओं से तैयार इस प्रेक्षागृह में करीब एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है।मुख्यमंत्री ने परिसर में लगी प्रो-पुअर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पौधरोपण भी किया। उन्होंने संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
ब्रज के विकास और पर्यटन कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने ब्रज क्षेत्र में चल रहे विकास, धार्मिक पर्यटन और पर्यटक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। सीएम योगी का दो दिवसीय मथुरा दौरा धार्मिक आस्था और विकास के मेल वाला रहा। जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि में पूजा-अर्चना के साथ मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र में विकास और पर्यटन को गति देने वाली परियोजनाओं पर भी जोर दिया। इसके बाद वह मथुरा से रवाना हो गए।
