बलरामपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी बलरामपुर को ज्ञापन सौंपकर जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती पर कड़ा विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच शहर से लेकर गांव तक जनता बिजली संकट से त्रस्त है, लेकिन विद्युत विभाग लोगों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।ज्ञापन में कहा गया कि बार-बार बिजली ट्रिप होने और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबी कटौती के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
गांव से शहर तक बिजली संकट
किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे खेती-किसानी पर संकट गहराने लगा है। वहीं भीषण गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और कटौती पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जनांदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।ज्ञापन के दौरान विजय कुमार उपाध्याय, राजेश कुमार पांडेय, विशाल तथा राम उजागर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि आम जनता को राहत देने और किसानों की फसलों को बचाने के लिए तत्काल निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

