लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 181 सीटों की दावेदारी रखी है। कांग्रेस की इस मांग के पीछे 2024 के लोकसभा चुनाव का प्रदर्शन महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में छह सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने अपने जीते हुए छह संसदीय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 30 विधानसभा क्षेत्रों में से 26 में बढ़त बनाई थी। हालांकि, विधानसभा चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन लगातार कमजोर हुआ है। 2022 में कांग्रेस 399 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ दो सीटें जीत सकी थी और उसका वोट प्रतिशत घटकर 2.33 रह गया था।कांग्रेस की सीटों की दावेदारी का गणित उसके पिछले तीन विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन से भी जुड़ता है। वर्ष 2012 में पार्टी ने 355 सीटों पर चुनाव लड़कर 28 सीटें जीती थीं और 11.65 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। 2017 में सपा के साथ गठबंधन में 114 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद उसे केवल सात सीटों पर जीत मिली थी। तब पार्टी का वोट प्रतिशत 6.25 था। वर्ष 2022 में अकेले चुनाव लड़ने पर प्रदर्शन और कमजोर हुआ। 399 सीटों पर प्रत्याशी उतारने के बाद भी जीत दो सीटों तक सीमित रही।
30 विधानसभा क्षेत्रों में से 26 में रही थी आगे
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने सहारनपुर, अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, बाराबंकी और इलाहाबाद सीटें जीती थीं। इन छह लोकसभा क्षेत्रों के 30 विधानसभा क्षेत्रों में से 26 में पार्टी को बढ़त मिली थी। अमेठी, रायबरेली और बाराबंकी के सभी पांच-पांच विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस आगे रही थी। सीतापुर और इलाहाबाद में चार-चार तथा सहारनपुर में तीन विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली थी।अखिलेश यादव ने हाल में कहा कि कांग्रेस ने 180 में एक सीट और जोड़कर 181 सीटों की मांग की है। 403 सदस्यीय विधानसभा में यह करीब 45 प्रतिशत सीटों पर दावेदारी है।
2027 के चुनाव में 181 सीटों पर कांग्रेस की नजर
ऐसे में सपा के सामने अपने मौजूदा विधायकों, संगठनात्मक प्रभाव और गठबंधन के अन्य सहयोगियों के लिए सीटें बचाने की चुनौती होगी।कांग्रेस की 181 सीटों की नामवार सूची सार्वजनिक नहीं होने से यह स्पष्ट नहीं है कि उसमें 2024 में बढ़त वाले सभी विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं या नहीं। लेकिन पिछले चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि कांग्रेस की मौजूदा दावेदारी का आधार विधानसभा से अधिक लोकसभा चुनाव का प्रदर्शन है।

