सद्भावना आवाज़
बलरामपुर।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल उपलब्ध कराए जाने हेतु निर्माणाधीन एवं संचालित 4 पाइप पेयजल परियोजनाओं का निरीक्षण कर डीएम अरविंद सिंह द्वारा हकीकत जानी गई। उन्होंने खोदी गई सड़कों की मरम्मत न कराए जाने पर गहरी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।डीएम अरविंद सिंह ने तहसील उतरौला में ग्राम पंचायत कांदवारी, ग्राम पंचायत लकमा, ग्राम पंचायत पिपरा एवं जिगना में पाइप पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत कांदवारी में एलएनटी द्वारा सौर ऊर्जा पाइप पेयजल परियोजना का कार्य किया जा रहा है।
योजना से लाभान्वित ग्रामीणों से की वार्ता
ओवरहेड टैंक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बोरिंग एवं अन्य कंपोनेंट के बारे में विस्तार पूर्वक जाना।इस दौरान डीएम द्वारा ग्राम में योजना से लाभान्वित ग्रामीणों से वार्ता की गई। उन्होंने घरों पर दिए गए नल का फाउंडेशन बनाए जाने एवं टोटियों को अच्छी तरह से फिट किए जाने का निर्देश दिया। पाइप लाइन बिछाने के दौरान को खोदी गई सड़कों के मरम्मत के कार्य पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से सड़क का लेवल मेंटेन करते हुए मरम्मत कार्य किए जाने का निर्देश दिया। सड़क के रेस्टोरेशन का कार्य ठीक ढंग से नहीं किया गया तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


