बलरामपुर। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को आबकारी विभाग और 9वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने थाना हरैया क्षेत्र में दबिश देकर 26 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
आबकारी आयुक्त के निर्देश और उप आबकारी आयुक्त देवीपाटन प्रभार गोंडा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी बलरामपुर के निर्देशन में आबकारी सर्किल-1 सदर की टीम ने नेपाल सीमा के नजदीक मढ़ीपुर चौधरीडीह क्षेत्र के महादेव बाकी में एसएसबी के जवानों के साथ संयुक्त छापेमारी की।
दबिश के दौरान बरामद हुई अवैध शराब
टीम की कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 26 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
जिला आबकारी अधिकारी मृत्युंजय प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक सर्किल-1 रामधनी वर्मा, प्रधान आबकारी सिपाही उमेश कुमार, 9वीं वाहिनी एसएसबी के जवान और आबकारी विभाग की टीम मौजूद रही।

