लखनऊ। लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की शिकायत पर लखनऊ के विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।आयोग के मुताबिक लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा प्रदेश के 44 जिलों के 861 परीक्षा केंद्रों पर पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई थी। इसके बावजूद कुछ अराजक तत्वों ने सोशल मीडिया पर असत्य और भ्रामक पोस्ट शेयर कर अभ्यर्थियों को गुमराह करने की कोशिश की।आयोग ने शिकायत में कहा है कि अफवाह फैलाकर सरकार और आयोग की छवि धूमिल करने के साथ-साथ सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन अफसरों की निगरानी में होगी जांच
इस मामले की जांच पुलिस उपायुक्त पूर्वी, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी और सहायक पुलिस आयुक्त विभूतिखंड की निगरानी में कराई जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और संबंधित अकाउंट्स की पड़ताल कर रही है।
आयोग ने अभ्यर्थियों से की अपील
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और केवल आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। आयोग ने भरोसा दिलाया है कि भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

