बलरामपुर। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित बैठक में 5 पारिवारिक विवादों का सफल निस्तारण कराया गया। बैठक पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। परिवार परामर्श केंद्र में आए मामलों में पति-पत्नी और परिजनों के बीच चल रहे विवादों को काउंसलिंग और आपसी बातचीत के जरिए सुलझाया गया। समझौते के बाद दोनों पक्षों ने पुराने मतभेद भुलाकर दोबारा साथ रहने और परिवार में सौहार्द बनाए रखने की सहमति जताई।
समझदारी से सुलझे पारिवारिक विवाद
परामर्शदाताओं ने दंपतियों को आपसी समझ, सहयोग और बड़ों के सम्मान के साथ नई शुरुआत करने की सलाह दी। इस दौरान लक्ष्मी बनाम सोनू निवासी थाना हरैया, तरन्नुम बनाम असफाक निवासी थाना महराजगंज तराई, प्रियंका पासवान बनाम चन्द्र प्रकाश निवासी थाना कोतवाली देहात, शकीला बनाम निजामुद्दीन निवासी थाना कोतवाली देहात और अनीसा बानो बनाम विशाल गुप्ता निवासी थाना रेहरा बाजार के मामलों का निस्तारण कराया गया। विवाद सुलझाने में परामर्शदाता देवतादीन दूबे, तनवीर जहां, अरुण कुमार यादव, वंदना मिश्रा, थाना प्रभारी पूनम यादव तथा महिला आरक्षी ज्योति, पूजा, मनीषा, गुलअफ्शां बानो और हेमा भारतीय की अहम भूमिका रही ।

