बलरामपुर। कोतवाली नगर पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से करीब नौ लाख रुपये निकालने के मामले में आरोपी पूर्व नौकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 77,500 रुपये नकद, एचडीएफसी बैंक का एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया। उसकी निशानदेही पर रकम से खरीदी गई मोटरसाइकिल, एसी, टीवी, कूलर, टुल्लू पंप और एक अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पूरबटोला पश्चिमी निवासी प्रेम कुमार मिश्रा ने 20 अगस्त को कोतवाली नगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनका पूर्व नौकर सलमान उर्फ मन्ना एटीएम कार्ड चोरी कर खाते से करीब नौ लाख रुपये निकाल ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सलमान के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। शुक्रवार को कोतवाली नगर पुलिस ने सलमान उर्फ मन्ना को सुआवनाला से गेल्हापुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
एटीएम का पिन जानकर निकाली रकम
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने धोखाधड़ी से एटीएम का पिन जान लिया था। इसके बाद खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाले। पुलिस के अनुसार आरोपी ने निकाली गई रकम से टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, एलजी कंपनी का एसी, सैमसंग टीवी, समरकूल कूलर, हैवेल्स का टुल्लू पंप और मोबाइल फोन खरीदा। कुछ रकम से घर बनवाने की भी बात सामने आई है।
नौ लाख उड़ाने वाला पूर्व नौकर दबोचा
आरोपी की तलाशी में काले रंग के पिट्ठू बैग से एचडीएफसी बैंक का रुपे एटीएम कार्ड, 77,500 रुपये नकद और मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन मिला। उसकी निशानदेही पर टीवीएस राइडर बाइक, एलजी एसी, सैमसंग टीवी, समरकूल कूलर, हैवेल्स टुल्लू पंप और रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी सलमान उर्फ मन्ना पूरबटोला पश्चिमी का निवासी है और उसकी उम्र करीब 24 वर्ष है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कन्हई प्रसाद, उपनिरीक्षक सूर्या प्रकाश शर्मा, कांस्टेबल विनय प्रताप सिंह, नीरज यादव, हीरालाल, शुभम तिवारी और विजय बहादुर शामिल रहे।

