बलरामपुर। बारह रबी उल अव्वल के मौके पर बुधवार को जिलेभर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर में उलेमाओं की अगुवाई में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान नातिया कलाम की सदाएं गूंजती रहीं। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत कर शरबत, पानी, फल और मिठाई वितरित की। मस्जिदों, इबादतगाहों, घरों और गली-मोहल्लों को रंगीन झालरों और झंडों से सजाया गया था। वीर विनय चौराहे से पुरानी चौक तक की सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।जुलूस में पीरजादे शकेब उर्रहमान उर्फ भय्यू मियां, सैय्यद अहमद रजा कादरी और मुफ्ती मुजम्मिल अख्तर मिस्बाही समेत कई उलेमा शामिल रहे। उलेमाओं ने लोगों से जुलूस में सादगी के साथ शामिल होने की अपील की। उन्होंने तेज आवाज वाले डीजे, अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन और गैर इस्लामी नारों से बचने की सलाह दी।साथ ही पाक-साफ होकर इस्लामी लिबास में जुलूस में शामिल होने और दरूद शरीफ पढ़ते रहने कीअपील की। उलेमाओं ने त्योहार को अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने पर जोर दिया। जुलूस को देखते हुए नगर पालिका की ओर से जुलूस मार्ग, कब्रिस्तान और इबादतगाहों के आसपास विशेष सफाई कराई गई। जगह-जगह चूने का छिड़काव भी कराया गया। वीर विनय चौराहा, गर्ल्स कॉलेज चौराहा, बड़ापुल और मेजर चौराहा पर प्याऊ लगाए गए, जहां अकीदतमंदों को पानी और जलपान कराया गया।
आकर्षक झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
मथुरा बाजार, चमरूपुर, महदेइया और जरवा में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस में नातिया कलाम की सदाएं गूंजती रहीं। जगह-जगह शरबत, पानी, फल और मिठाई बांटकर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।मथुरा बाजार में लोग गाजे-बाजे के साथ दरगाह पीर हनीफ पहुंचे। चमरूपुर में तिरंगे, इस्लामी परचम और आकर्षक झांकियां जुलूस का हिस्सा रहीं। महदेइया में ऊंट पर सवार लोग आकर्षण का केंद्र रहे। जुलूस गुमड़ी पहुंचकर समाप्त हुआ। जरवा में भी बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने जुलूस में हिस्सा लिया। घरों को झंडों और झालरों से सजाया गया था।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
मौलाना मुस्तकीम ने पैगंबर मुहम्मद साहब के जीवन से सच्चाई, ईमानदारी और इंसाफ की सीख लेने की अपील की। मौलाना गुलाम जिलानी ने प्रेम, मानवता और सद्भाव का संदेश दिया।पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस मुस्तैद रही। एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और त्योहार को शांति व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
