बहराइच । बुधवार की दोपहर खेत में काम कर रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर महिला को छोड़कर तेंदुआ पास के पेड़ पर चढ़ गया। घायल महिला को आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।। यह पूरा मामला मोतीपुर वन रेंज क्षेत्र का है।दलजीतपुरवा के मजरा पंडित पुरवा निवासी रामावती अपने पति के साथ गन्ने के खेत में पानी लगाने गई थीं।
वन विभाग ने शुरू की निगरानी
दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक पीछे से आए तेंदुए ने रामावती पर हमला बोल दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़ीं।महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हाका लगाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ महिला को छोड़कर पास के एक पेड़ पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी शुरू कर दी।घायल महिला को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
वन विभाग से पकड़ने की मांग
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे खेतों में काम करना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।वहीं, रेंजर मोतीपुर एसके तिवारी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगाई गई है और क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।
