बलरामपुर। माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को देश की प्रतिष्ठित संस्था भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू), नई दिल्ली की सदस्यता मिल गई है। इस सदस्यता के साथ ही विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ देशभर के विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक सहयोग का रास्ता भी खुल गया है।एआईयू की महासचिव डॉ. पंकज मित्तल ने कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह को भेजे पत्र में बताया कि विश्वविद्यालय के आवेदन पर विचार के बाद 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी सदस्यता मंजूर कर दी गई है। साथ ही विश्वविद्यालय को एआईयू के नॉर्थ ज़ोन में शामिल किया गया है।
छात्रों को मिलेगा सीधा फायदा
एआईयू की सदस्यता मिलने के बाद विश्वविद्यालय को देशभर के विश्वविद्यालयों के साथ रिसर्च प्रोजेक्ट, छात्र-शिक्षक एक्सचेंज, डिग्री समकक्षता (इक्विवेलेंस), अकादमिक सहयोग और राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आगे की पढ़ाई के लिए नए विकल्प मिलेंगे। साथ ही विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर विश्वसनीयता और साख भी मजबूत होगी।
कुलपति बोले- यह गुणवत्ता की राष्ट्रीय मान्यता
कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने कहा कि एआईयू की सदस्यता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, उत्कृष्टता और नवाचार को मिली राष्ट्रीय मान्यता है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, प्रबंधन और प्रदेश सरकार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को बलरामपुर और आसपास के क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि इससे छात्रों को बड़े संस्थानों के साथ जुड़ने और नई शैक्षणिक संभावनाओं का लाभ मिलेगा।

