बलरामपुर। सेवानिवृत्ति के बाद अपने हक के लिए महीनों इंतजार करने वाले कर्मचारियों के लिए बलरामपुर नगर पालिका परिषद ने नई पहल की है। नगर पालिका में पहली बार किसी सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी को रिटायरमेंट के महज 72 घंटे के भीतर अर्जित अवकाश नगदीकरण की पूरी धनराशि का भुगतान कर दिया गया। नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारी हजारा 31 जुलाई 2026 को 60 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुई थीं। सेवानिवृत्ति के बाद विभागीय औपचारिकताएं तेजी से पूरी करते हुए तीन अगस्त को उनके अर्जित अवकाश नगदीकरण की 7 लाख 48 हजार 800 रुपये की धनराशि उनके खाते में भेज दी गई।
सेवानिवृत्ति के 3 दिन में खाते में पहुंची रकम
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान और उनके वैधानिक देयों का समय से भुगतान परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए समयबद्ध व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है।
प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर किया भुगतान
अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों से जुड़े सभी भुगतान समय पर कराने की व्यवस्था की जा रही है। हजारा के अवकाश नगदीकरण का भुगतान मात्र 72 घंटे में पूरा कर दिया गया, जिससे अन्य कर्मचारियों में भी भरोसा बढ़ा है।नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की व्यवस्था से कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस, कर निरीक्षक राजेश कुमार, जेई सिविल अविनाश यादव, जेई जल धर्मेंद्र गौड़, सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय समेत नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

