बलरामपुर । जनपद की तीन बेटियों ने साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए विश्व के सबसे कठिन ट्रेकिंग स्थलों में शामिल एवरेस्ट बेस कैंप तक सफलतापूर्वक पहुंचकर जिले का नाम रोशन किया है। 16 मई 2026 को मिली इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता की प्रेरणा, मार्गदर्शन और बेटियों को आगे बढ़ाने की सकारात्मक सोच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से लगातार बेटियों को खेल, शिक्षा और साहसिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

तेज हवाएं, बर्फीले रास्ते और ऊंचाई… फिर भी नहीं मानी हार
कम उम्र की इन बालिकाओं ने हजारों फीट की ऊंचाई, बर्फ से ढके खतरनाक रास्तों और तेज हवाओं जैसी कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना किया। कठिन ट्रेकिंग के बावजूद उनके हौसले कमजोर नहीं पड़े और आखिरकार उन्होंने एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचकर नया इतिहास रच दिया।
“अब बेटियां रुकती नहीं, बनाती हैं इतिहास”
बालिकाओं की इस सफलता को केवल ट्रेकिंग अभियान नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और नए भारत की बदलती तस्वीर के रूप में देखा जा रहा है। बेटियों ने अपने साहस और संकल्प से यह संदेश दिया कि अगर अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो बेटियां हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने बालिकाओं की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि जनपद प्रशासन बेटियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले की अन्य बालिकाओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।

