बलरामपुर। कभी बदहाल तालाब और गहरे गड्ढों के चलते हादसों की आशंका से घिरा रहने वाला पचपेड़वा का पुरनिया छठ घाट अब आकर्षण का केंद्र बन गया है। करीब पांच साल में घाट की तस्वीर ऐसी बदली कि अब यहां सिर्फ स्थानीय ही नहीं, बल्कि बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर से भी श्रद्धालु छठ पूजा के लिए पहुंचने लगे हैं। करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से हो रहे सौंदर्यीकरण के बाद इस बार घाट पर रंगीन रोशनी के साथ लेजर शो भी आकर्षण बढ़ाएगा।छठ महापर्व को लेकर पुरनिया छठ घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शाम होते ही रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाता परिसर लोगों का ध्यान खींच रहा है। घाट पर आधुनिक लाइटिंग के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, रामघाट, विसर्जन घाट और संस्कार घाट का भी कायाकल्प किया गया है। कभी सुविधाओं के अभाव में दूसरे जिलों का रुख करने वाले श्रद्धालुओं को अब अपने ही क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था मिलने लगी है।
गड्ढों के डर से दूसरे जिलों में जाते थे लोग
स्थानीय निवासी मीरा देवी बताती हैं कि पहले तालाब में जगह-जगह गहरे गड्ढे थे। छठ पूजा के दौरान पानी में उतरने से लेकर घाट तक पहुंचने में भी डर बना रहता था। कई बार हादसों की आशंका सताती थी। अब घाट का स्वरूप बदलने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली है।संतोष कुमार मोदनवाल उर्फ भगत जी के मुताबिक, पहले छठ पर्व पर जरूरी व्यवस्थाएं जुटाना भी मुश्किल होता था। सुविधाएं नहीं होने के कारण कई परिवार गोरखपुर और सीतापुर तक पूजा करने जाते थे। अब पुरनिया घाट की पहचान आसपास के जिलों तक पहुंच रही है। अंजनिया कुमार गुप्ता और लक्ष्मी ने भी घाट पर हुए बदलाव को सराहनीय बताया।
अब भव्य छठ घाट पर दिखेगी रोशनी की छटा
नगर पंचायत अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले पुरनिया तालाब बदहाली का शिकार था। गहरे गड्ढों के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। शासन से अनुमति मिलने के बाद करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। घाट पर आकर्षक लाइटिंग और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।उन्होंने बताया कि इस बार छठ महापर्व पर लेजर शो का आयोजन भी किया जाएगा। रंग-बिरंगी रोशनी के बीच होने वाला यह शो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेगा। नगर पंचायत का प्रयास है कि पचपेड़वा के इस घाट को ऐसी पहचान मिले, जिससे दूसरे जिलों के लोग भी यहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचें।
पुरनिया घाट पर छठ की भव्य तैयारी
पुरनिया छठ घाट की बदली तस्वीर अब पचपेड़वा के विकास की कहानी भी बयां कर रही है। पांच साल पहले जहां बदहाल व्यवस्था के चलते लोग दूसरे जिलों में जाने को मजबूर थे, वहीं अब यही घाट आसपास के श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रहा है। इस बार छठ पर रोशनी, साज-सज्जा और लेजर शो के बीच आस्था का नजारा देखने को मिलेगा।

