बलरामपुर। तुलसीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत सिक्टिहवा में लाखों रुपये की लागत से निर्मित आरआरसी (रूरल रिसोर्स रिकवरी) सेंटर संचालन शुरू होने से पहले ही जर्जर हो गया है। पंचायत विभाग द्वारा स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों के बावजूद, स्थानीय स्तर पर लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। सेंटर का संचालन अभी तक शुरू नहीं हो पाया है, लेकिन भवन की स्थिति बदहाल हो चुकी है। दीवारों का प्लास्टर उखड़ गया है, कूड़ा पृथक्करण के लिए बने बॉक्स क्षतिग्रस्त हो गए हैं, दीवारें टूट रही हैं और फर्श भी धंस गया है।
आरआरसी सेंटर हुआ जर्जर
इस स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों संजय, दीपक, परसराम, रामहरख, उजागर और मनीष ने बताया कि यदि आरआरसी सेंटर का संचालन शुरू होता तो गांव में स्वच्छता का बेहतर माहौल बनता। उन्होंने कहा कि लोगों को कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए, लेकिन यह केंद्र संचालन से पहले ही खुद कूड़ाघर में बदल गया है।
संचालन से पहले ही दीवारों में दरारें
ग्रामीणों ने भवन की मरम्मत कर जल्द से जल्द सेंटर का संचालन शुरू करने की मांग की है।इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि आरआरसी सेंटर को जल्द ही दुरुस्त कर उसका संचालन शुरू कराया जाएगा।

