बलरामपुर । विकास कुमार ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, मारपीट, कब्जा और अन्य राजस्व संबंधी मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।एसपी ने गूगल मीट के माध्यम से थाना प्रभारियों से सीधे संवाद कर लंबित मामलों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, प्रभावी और विधिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।जनसुनवाई के दौरान सामने आए राजस्व विवादों को गंभीर मानते हुए एसपी ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश दिए। टीमों को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा गुणवत्तापूर्ण व शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
कई मामलों का मौके पर निस्तारण
एसपी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है और शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें सीधे पुलिस अधीक्षक के सामने रखीं। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के आदेश दिए गए। इससे फरियादियों में संतोष और पुलिस प्रशासन के प्रति भरोसा देखने को मिला।पुलिस प्रशासन की ओर से आयोजित यह जनसुनवाई कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित जनसुनवाई कर लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान कराया जाएगा।

