बलरामपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को समाजवादी अम्बेडकर वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बलरामपुर में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेपर लीक की घटनाओं पर नाराजगी जताई और राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। साथ ही छात्रों के लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन पर लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। प्रदर्शन के दौरान आरएसएस और मीडिया के खिलाफ भी नारे लगाए गए।प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया था। हालांकि पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बाद में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिया।
ज्ञापन में उठाईं तीन प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से दिल्ली लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, पेपर लीक के आरोपियों के खिलाफ कठोर कानून के तहत कार्रवाई और देशभर में पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
समाजवादी अम्बेडकर वाहिनी के नेताओं ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो बलरामपुर में भी बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सरकार से युवाओं के हितों की रक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।प्रदर्शन में पूर्व विधायक जगराम पासवान, जिला उपाध्यक्ष शफीउल्ला खां, विजय मौर्य, संजय कुमार, शबाना खान, सद्दाम हुसैन, अनुरुद्ध यादव, आनंद कुमार, पप्पू यादव, गणेश कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

