लखनऊ। शिक्षक दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी ने शनिवार को राजधानी के गोमतीनगर में PDA पाठशाला का आयोजन कर शिक्षा के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पाठशाला में बच्चों को पढ़ाया और उन्हें कॉपी-किताबें व अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की। बांटी गई कॉपियों और किताबों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर भी दिखाई दी।सपा नेता फखरुल हसन चांद ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में PDA पाठशाला शुरू की गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं। सपा इसी मुद्दे को लेकर लोगों के बीच जा रही है और बंद स्कूलों को दोबारा खोलने की मांग उठा रही है।गोमतीनगर में आयोजित पाठशाला में बच्चे दरी पर बैठकर पढ़ाई करते नजर आए। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने करीब एक घंटे तक बच्चों को पढ़ाया। पार्टी की ओर से कहा गया कि यह पाठशाला आगे भी जारी रहेगी। प्रतिदिन पार्टी का एक कार्यकर्ता यहां पहुंचकर बच्चों को पढ़ाएगा। बच्चों को पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही आने वाले दिनों में कुर्सी-मेज समेत अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने की बात भी कही गई।
‘बंद हुए स्कूल दोबारा खुलेंगे’
सपा नेताओं ने कहा कि ग्रामीण और कमजोर वर्ग के परिवारों के बच्चों की शिक्षा पर स्कूल बंद होने का असर पड़ रहा है। पार्टी का आरोप है कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और किसान परिवारों के बच्चे इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। सपा ने कहा कि PDA पाठशाला के जरिए शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा।फखरुल हसन चांद ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा को लेकर पार्टी अपने अभियान को आगे भी जारी रखेगी।
11 सितंबर तक चलेगा अभियान
समाजवादी पार्टी का यह अभियान 5 से 11 सितंबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत 7 सितंबर को PDA वृक्षारोपण और पर्चा वितरण कार्यक्रम होगा। 8 सितंबर को विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिविर लगाकर छात्रों से संपर्क किया जाएगा। 9 सितंबर को छात्रों से सुझाव लेकर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे।10 सितंबर को छात्र-छात्राओं और युवाओं की राजनीति में भूमिका को लेकर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। 11 सितंबर को मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर अभियान का समापन किया जाएगा।
फीस, पेपर लीक और रोजगार पर भी चर्चा
अभियान के दौरान सपा कार्यकर्ता छात्रों और युवाओं से फीस वृद्धि, पेपर लीक, रोजगार, आरक्षण और समान पाठ्यक्रम जैसे मुद्दों पर संवाद करेंगे। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में नियुक्तियों में कथित भ्रष्टाचार, आरक्षण में पारदर्शिता और रोस्टर व्यवस्था जैसे मुद्दों को भी उठाया जाएगा। पार्टी की ओर से डिजिटल डिवाइस, मुफ्त शिक्षा, पुस्तकालयों की सुविधा और नए विश्वविद्यालय-महाविद्यालयों के निर्माण को लेकर छात्रों से सुझाव लेने की बात कही गई है। सपा नेताओं का कहना है कि सत्ता में आने पर इन मुद्दों पर काम किया जाए
