बलरामपुर। महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने के बाद सोमवार को जिले में उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। चाउरखाता मंदिर परिसर में जुटे समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए इसे न्याय और सच्चाई की जीत बताया।समर्थकों ने कहा कि वे शुरू से ही न्यायपालिका पर भरोसा जता रहे थे और अदालत का फैसला आने के बाद उनकी खुशी दोगुनी हो गई है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने फैसले के समर्थन में नारे लगाए और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि अदालत ने सभी तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अपना निर्णय दिया है।
मंदिर परिसर में बांटी मिठाई
ऐसे में हर नागरिक का दायित्व है कि वह न्यायालय के फैसले का सम्मान करे। उन्होंने कहा कि इस निर्णय ने सत्य की जीत को साबित किया है।समीर सिद्दीकी ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह ने हमेशा समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के बीच रहकर काम किया है। अदालत के फैसले से उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है और न्याय व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
बोले- न्याय की हुई जीत
इस दौरान जगदंबा सिंह, चंदन सिंह, रोहित जायसवाल, राधेश्याम यादव, छोटकऊ पासवान, कृष्ण मोहन मिश्रा और जय प्रकाश गुप्ता ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अदालत के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर मयाराम यादव, लक्ष्मण प्रसाद, कैश बाबू मिश्रा, राजकुमार शर्मा, विवेक सिंह समेत बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

