बलरामपुर। आगामी निर्वाचनों को देखते हुए ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और निगरानी प्रणाली की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के प्रत्येक हिस्से का जायजा लिया और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की पड़ताल की। इसके बाद उन्होंने वेयरहाउस से जुड़े सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों की कार्यशीलता, 24 घंटे निगरानी व्यवस्था, रिकॉर्डिंग सिस्टम और बैकअप व्यवस्था की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कैमरे लगातार संचालित रहें तथा उनकी नियमित तकनीकी जांच और मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

तकनीकी जांच के दिए निर्देश
डीएम ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए वेयरहाउस की निगरानी, अभिलेखों का रखरखाव और सुरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति राय सहित निर्वाचन शाखा के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

