बलरामपुर। जनपद की बेटियों ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। सीबीएसई, आईसीएसई और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की परीक्षाओं में छात्राओं ने टॉप स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जहां जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया।समारोह में डीएम ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्राओं को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
इंटरमीडिएट में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में सेंट जेवियर्स हाईस्कूल की छात्रा सायना मिश्रा ने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में पहला स्थान हासिल किया। नवोदय विद्यालय की नैन्सी वर्मा ने दूसरा और सिद्धिदा सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। फातिमा स्कूल की साक्षी यादव भी मेरिट सूची में शामिल रहीं।वहीं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की हाईस्कूल परीक्षा में अलंकृता पांडेय ने प्रथम तथा माही मिश्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

हाईस्कूल में भी छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में अक्षिता द्विवेदी ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। वहीं फातिमा स्कूल की अपूर्वा श्रीवास्तव ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में जगह बनाई।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु आईएएस शिवांश, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, क्षेत्राधिकारी नगर ज्योति श्री और जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने भी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि छात्राओं की सफलता समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य चंदन पांडे ने किया। समारोह में अभिभावक, शिक्षक और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी मौजूद रहे।

