बलरामपुर। मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंगलवार को डीएम विपिन कुमार जैन के साथ निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय एवं रिंग रोड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी फिनिशिंग कार्य जल्द पूरा कर लोकार्पण की तैयारियां समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सभी फिनिशिंग कार्य गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरे किए जाएं।निरीक्षण के दौरान स्टाफ आवास, फैकल्टी आवास, लाइब्रेरी भवन, लिफ्ट इंस्टॉलेशन, इलेक्ट्रिकल वर्क, पेंटिंग, पेयजल व्यवस्था, सीवर सिस्टम, सड़क निर्माण और परिसर विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने भवनों की संरचनात्मक मजबूती, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
रिंग रोड परियोजना में देरी पर होगी कार्रवाई
मंडलायुक्त ने विश्वविद्यालय परिसर में ड्रेनेज व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था जरूरी है, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्या न हो।इसके साथ ही परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय मंडल में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि साबित होगा, इसलिए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।विश्वविद्यालय निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का भी जायजा लिया।

मानसून से पहले पूरे हों निर्माण कार्य
उन्होंने प्वाइंट 3.800 और प्वाइंट 5.400 पर चल रहे कलवर्ट निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले एप्रोच कार्य सहित सभी जरूरी निर्माण पूरे कर लिए जाएं।मंडलायुक्त ने कहा कि रिंग रोड परियोजना जनपद की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहरी विकास को गति देने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग करने और तय समय सीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित संस्था के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एनएच विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

