बलरामपुर। ग्राम पंचायतों में कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रशासक नियुक्त किए जाने के सरकार के फैसले से ग्राम प्रधानों में खुशी का माहौल है। अखिल भारतीय पंचायत परिषद प्रधान संघ के बैनर तले सदर ब्लॉक सभागार में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में प्रधानों ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पंचायतों और ग्रामीण विकास के हित में बताया। प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष गुलजारीलाल शुक्ला ने कहा कि सरकार का यह फैसला स्वागत योग्य है और इसका सीधा लाभ ग्राम पंचायतों को मिलेगा। संगठन के महासचिव विजय तिवारी ने कहा कि ग्राम प्रधान ग्रामीणों से सीधे जुड़े होते हैं और पंचायत के विकास कार्यों की पूरी जानकारी रखते हैं, इसलिए उन्हें प्रशासक बनाए जाने का निर्णय पूरी तरह उचित है।प्रधान संघ के महामंत्री शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि गांवों में कई विकास कार्य अब तक अधूरे रह गए थे, जिन्हें प्रधान पूरा नहीं कर सके थे।
सरकार के निर्णय का जताया आभार
सरकार के इस फैसले के बाद अब शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा सकेगा। ग्राम प्रधान राम कृपाल शुक्ल और सुरेंद्र मिश्रा ने कहा कि गांवों में कई खड़ंजे और नालियों का निर्माण अभी बाकी है, जिन्हें अब पूरा कराने का रास्ता साफ हो गया है। कार्यक्रम के बाद ग्राम प्रधानों ने सदर विधायक पलटू राम के आवास पहुंचकर उनका माल्यार्पण किया और मिठाई खिलाकर सरकार के प्रति आभार जताया। प्रधानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में तन, मन और धन से भारतीय जनता पार्टी का सहयोग करने की बात कही। इसके बाद प्रधानों ने भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा के आवास पहुंचकर उनका स्वागत किया और मिठाई खिलाकर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान राजेश शुक्ला, तहसीलदार तिवारी, मुस्ताक अहमद, नाजीर, अमरेश पासवान, स्वामीनाथ, पुनीत यादव और महेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद है।

