बलरामपुर । श्रावस्ती के लोकप्रिय सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आदर्श प्राथमिक विद्यालय, रामपुर खगईजोत (द्वितीय शिक्षा क्षेत्र, बलरामपुर) का औचक निरीक्षण किया। सांसद के विद्यालय पहुंचते ही शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों, साफ-सफाई, शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों की उपस्थिति का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सांसद ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर कक्षाओं की स्थिति देखी तथा बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।सांसद ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा ने शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और उज्ज्वल भविष्य मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है, इसलिए बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके संस्कार और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश
उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाया जाए और विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए। साथ ही बच्चों को अनुशासन, नैतिक शिक्षा और आधुनिक ज्ञान से जोड़ने पर जोर दिया।इस अवसर पर विद्यालय परिवार, स्थानीय सम्मानित नागरिक और क्षेत्रीय लोग भी उपस्थित रहे। सांसद के निरीक्षण कार्यक्रम से विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि ऐसे निरीक्षणों से शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

