बलरामपुर। सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बलरामपुर में बुधवार को पृथ्वी दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता, हरियाली तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के निदेशक सुयश कुमार, सह निदेशिका इशिका सुयश कुमार, सुजाता आनंद, विद्यालय प्राचार्य आसिम रूमी तथा इंदू नायर की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है, इसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।इस दौरान बच्चों को एक प्रेरणादायक कहानी सुनाई गई, जिसमें पृथ्वी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।

बच्चों ने लिया अपने आसपास सफाई रखने का संकल्प
कहानी के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि कचरा इधर-उधर नहीं फैलाना चाहिए, प्लास्टिक का कम उपयोग करना चाहिए और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखनी चाहिए। बच्चों ने कहानी को ध्यानपूर्वक सुना और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर स्वच्छता एवं प्रकृति प्रेम का संदेश दिया। शिक्षकों ने बच्चों को अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने, जल संरक्षण करने तथा प्रकृति के संसाधनों का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कहा कि वे अपने घर और आसपास के वातावरण को साफ रखने में योगदान देंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने सामूहिक रूप से पृथ्वी को स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में नर्सरी से लेकर यूकेजी तक के सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह आयोजन बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार साबित हुआ।

