बलरामपुर। बारात की भीड़ का फायदा उठाकर घर में चोरी करने वाले गिरोह का कोतवाली नगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के मामले में सुनार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। कोतवाली नगर क्षेत्र के केवलपुर गांव निवासी धर्मराज तिवारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 12-13 मई की रात चोर उनके घर में घुस गए थे। उस समय गांव में बारात होने के कारण परिवार और आसपास के लोग व्यस्त थे। चोरों ने घर से 70 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे।मामले के खुलासे के लिए एसपी विकास कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने मुखबिर की सूचना पर अलीबाग के पास आम के बाग से राजू उर्फ मिठ्ठू उर्फ ननके, पप्पू शिल्पकार और रमन उर्फ राजू सोनी को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के जेवर गलाने को दिए थे सुनार को
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों उमेश शिल्पकार, सन्नी पथरकट और लड़ाई लाल उर्फ बहरे के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी छत के रास्ते घर में घुसे और बक्से व अटैची के ताले तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर ले गए थे।पुलिस के अनुसार चोरी के बाद नकदी का बंटवारा कर लिया गया था, जबकि जेवर गलाने और बेचने के लिए रमन उर्फ राजू सोनी को दिए गए थे। पुलिस ने लेन-देन के दौरान तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
जेवरों की लंबी सूची बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 35 हजार रुपये नकद, तीन जोड़ी पायल, 23 जोड़ी बिछुए, मंगलसूत्र, अंगूठी, चेन, मांगटीका, दो जोड़ी सोने की झुमकी और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। राजू उर्फ मिठ्ठू पर चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं पप्पू शिल्पकार और रमन उर्फ राजू सोनी के खिलाफ भी अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

