लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल के बीच समाजवादी पार्टी को झटका लगा है। बस्ती से सपा के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के सपा नेता अनिल यादव ने बुधवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दोनों नेताओं को सदस्यता दिलाई।
इस दौरान भाजपा की ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

सदस्यता कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता सर्वोपरि है। पार्टी में मेहनत, समर्पण और योगदान को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अरविंद चौधरी, अनिल यादव और उनके समर्थकों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी का जनाधार मजबूत होगा।
पंकज चौधरी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते करीब 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए काम किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए काम कर रही है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने देश में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिशों को लेकर भी विपक्षी शक्तियों पर निशाना साधा। उन्होंने बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसे देशों के हालात का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या भारत को भी ऐसी परिस्थितियों की ओर धकेलने का प्रयास किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि देशवासियों को ऐसे प्रयासों के प्रति सजग रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और देश की जनता अराजकता फैलाने के प्रयासों का जवाब देने में सक्षम है। उनके मुताबिक आगामी चुनाव केवल सरकार बनाने का नहीं, बल्कि देश की स्थिरता, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का भी विषय है।
कार्यक्रम में प्रदेश मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

