बलरामपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव में पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी करने के चर्चित मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी चन्द्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के मोबाइल में मिले वीडियो, परिजनों की तहरीर और विवेचना के दौरान जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई। सोमवार को उसे कोडरी घाट के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।गौरतलब है कि 31 जुलाई को झौहना गांव के गोसाईपुरवा निवासी बजरंगी गिरी ने अपनी पत्नी कोमल (25), तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और एक वर्षीय बेटे जयदीप की गोली मारकर हत्या करने के बाद स्वयं भी आत्महत्या कर ली थी। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे। घटना के बाद मृतक के भाई राजेश गिरी ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बजरंगी गिरी ने अपने मित्र चन्द्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी निवासी लालपुर थाना ललिया को करीब 29 लाख रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि कई बार मांगने के बावजूद रुपये वापस नहीं किए गए, जिससे बजरंगी लंबे समय से मानसिक तनाव में था। इसी तहरीर के आधार पर पुलिस नेमुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरूकी।
मोबाइल में मिला वीडियो बना अहम साक्ष्य
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से बरामद मृतक के मोबाइल फोन में एक वीडियो मिला, जिसे बजरंगी गिरी ने घटना से पहले रिकॉर्ड किया था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में उसने पत्नी और बच्चों की हत्या करने तथा खुद आत्महत्या करने की बात कहते हुए चन्द्रभान गिरी पर रुपये वापस न करने का आरोप लगाया था। उसने आरोपी को अपनी इस स्थिति के लिए जिम्मेदार भी ठहराया था। पुलिस ने वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए अन्य तकनीकी और मौखिक साक्ष्यों का भी संकलन किया।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए गठित टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। सोमवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कोडरी घाट के पास घेराबंदी कर चन्द्रभान गिरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बजरंगी गिरी से पैसों के लेन-देन की बात स्वीकार की। उसका कहना है कि उसने बजरंगी से 29 लाख रुपये लिए थे, लेकिन कारोबार में धन फंस जाने के कारण वह समय पर रकम वापस नहीं कर सका।इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक 12 बोर और दो 315 बोर के अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस समेत अन्य सामग्री भी बरामद की थी। बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों की जांच पहले से जारी है।

