बलरामपुर । पुलिस अधीक्षक विकास कुमार का तबादला झांसी कर दिया गया है। उन्हें झांसी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बनाया गया है। वहीं, बलरामपुर की नई कमान प्रमोटी आईपीएस अधिकारी मार्तंड प्रकाश सिंह संभालेंगे। मार्तंड प्रकाश सिंह इससे पहले कई जिलों में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास कुमार मूल रूप से भोजपुर, बिहार के रहने वाले हैं। उन्होंने जून 2024 में बलरामपुर के एसपी के रूप में कार्यभार संभाला था। करीब दो साल के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण और जटिल मामलों के खुलासे को लेकर उनकी अलग पहचान बनी। विकास कुमार की कार्यशैली में ब्लाइंड केस और साइबर अपराधों के खुलासे के लिए पुलिस टीम को सही दिशा देना प्रमुख रहा। साइबर धोखाधड़ी के कई मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजने में भी उनकी अहम भूमिका रही।

अपराध के अनसुलझे मामलों के खुलासे में माहिर
उनकी खासियत मामलों की बारीकी से निगरानी और लगातार मॉनिटरिंग मानी जाती रही। वह घटनास्थल से लेकर विवेचना और न्यायालय में मुकदमे की पैरवी तक मामले की प्रगति पर नजर रखते थे। मुकदमों में लगने वाली धाराओं और साक्ष्यों को मजबूत करने के लिए मातहत पुलिसकर्मियों का मार्गदर्शन करना भी उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहा। तेजतर्रार पुलिस अधिकारी की छवि के साथ उनका सौम्य और जिंदादिल व्यवहार भी लोगों के बीच चर्चा में रहा।अब झांसी में एसएसपी की नई जिम्मेदारी के साथ विकास कुमार के सामने बड़ी चुनौती होगी। वहीं, बलरामपुर में नए कप्तान मार्तंड प्रकाश सिंह के सामने जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।
